नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में बंद पड़ा ताला।
चर्दा/रिसिया/नवाबगंज/पयागपुर (बहराइच)। गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार से सभी परिषदीय विद्यालयों को खोला जाना था। शिक्षकों को पहुंचकर साफ-सफाई करानी थी और अन्य कार्य संपादित करने थे। लेकिन पहले दिन कहीं विद्यालय खुले, तो कहीं बंद रहे। जो खुले भी वहां सभी अध्यापक नहीं पहुंचे। वहीं छात्र-छात्राएं 28 जून से विद्यालय पहुंचेंगे। उनका शिक्षकों की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दो दिन तक समर कैंप का आयोजन होगा। एक जुलाई से विधिवत शिक्षण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
शहर के स्टीलगंज प्राथमिक विद्यालय मंगलवार खुला मिला। यहां दोपहर में दो शिक्षिकाएं विभागीय कार्यों को संपादित करने में जुटी रहीं। इसके अलावा चर्दा क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय रायपुर, रिसिया विकास खंड क्षेत्र का रायपुर कबुला जूनियर विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय गुरुचाही भी खुला मिला। कहीं सभी शिक्षक पहुंचे थे कहीं पर कुछ गैरहाजिर भी रहे। इसी प्रकार नवाबगंज कस्बा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय पयागपुर भी खुला मिला। साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही थी।
इन विद्यालयों का नहीं खुला ताला
रिसिया ब्लॉक क्षेत्र का निबिया हुसैनपुर का विद्यालय शिक्षकों की लापरवाही के कारण नहीं खुल सका। इसी प्रकार नवाबगंज कस्बे में स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में भी ताला लटकता मिला। वहीं, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी कई विद्यालयों के बंद होने की सूचना मिली।
किया जाएगा निरीक्षण
खंड शिक्षाधिकारी रिसिया रंजीत कुमार ने बताया कि कितने विद्यालय खुले व कितने शिक्षक पहुंचे इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 28 जून से बच्चे आएंगे, इस दौरान विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। पयागपुर के खंड शिक्षाधिकारी वीरेंद्रनाथ द्विवेदी ने बताया कि क्षेत्र के सभी विद्यालय खोले गए हैं। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय पयागपुर व कंपोजिट विद्यालय अलादादपुर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सभी शिक्षक मौजूद मिले।