बहराइच। जिले के होनहार सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी प्रणव मिश्रा चीन के जिंगसम शहर में 26 से 31 अक्तूबर तक होने वाली पांचवीं जूनियर वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह सोनीपत, हरियाणा की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
मोहल्ला बख्शीपुरा चांदमारी निवासी प्रणव ने फरवरी 2026 में लुधियाना में आयोजित द्वितीय जूनियर एशियन चैंपियनशिप में मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण और डबल्स में कांस्य पदक जीता था। उनकी इस उपलब्धि पर सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड और डीएम राजेश कुमार पांडेय की प्रेरणा से गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद डालमिया, चावल निर्माता समिति अध्यक्ष विनोद अग्रवाल और उपाध्यक्ष अमित टंडन ने उन्हें प्रोत्साहन राशि भेंट की।
डीएम राजेश कुमार पांडेय और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रणव का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके पिता आदि देव मिश्रा भी मौजूद रहे।