मिहींपुरवा (बहराइच)। गिरिजापुरी से जल लेकर बाबा बूढ़ेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए कांवड़िया बढ़ैया कला में स्थित सब्जी मंडी परिसर में रात्रि विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान एक सांप ने दो महिला कांवड़ियों को डस लिया। इसमें से एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव निवासी संतोषी कुमारी (15) पुत्री बरसाती लाल और मधू (30) पुत्री कौशल अन्य कांवडियों के साथ रविवार को जल लेने गिरिजापुरी स्थित सरयू बैराज पहुंचीं। यहां पर सभी जल लेकर खैरीघाट थाना क्षेत्र के रामपुर धोबियाहार में स्थित बाबा बूढ़ेश्वरनाथ शिव मंदिर के लिए रवाना हुए।
इसके बाद कांवड़ियों ने बढ़ैया कला गांव में स्थित सब्जी मंडी परिसर में रात्रि विश्राम किया। रात करीब 12 बजे झाड़ियों से निकलकर आए सांप ने संतोषी कुमारी को डस लिया। इस पर संतोषी कुमारी ने पड़ोस में रात्रि विश्राम कर रही मधू को जगाया। मधू के उठते ही सांप ने उसे भी डस लिया। इससे सब्जी मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने सांप को बाहर भगाया और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस को काल किया, लेकिन जब तक एंबुलेंस पहुंचती, तब तक संतोषी की मौत हो गई। इससे कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे और मधू को सीएचसी नानपारा पहुंचाया गया। यहां से उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। पंचनामा के बाद किशोरी का शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया।