बाबागंज/रुपईडीहा(बहराइच)। रुपईडीहा से स्मैक लेकर उसे नेपाल पहुंचाने जा रहे एक तस्कर को शुक्रवार की रात एसएसबी जवानों ने दबोच लिया। तस्कर के पास से बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपए है। एसएसबी ने तस्कर को रुपईडीहा पुलिस के हवाले कर दिया है।
भारत-नेेपाल की खुली सीमा पर होने वाली अवैध तस्करी पर रोकथाम के लिए शुक्रवार की रात एसएसबी जवान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रात लगभग 9:30 पर निबिया चौकी के पास से अवैध तस्करी की सूचना मिली। एसएसबी 42 वीं वाहिनी के कार्यवाह कमांडेंट अनिल यादव ने बताया कि सूचना पर एसएसबी व पुलिस का एक संयुक्त दल पिलर संख्या 650/16 पर पहुंचा।
जहां भारतीय सीमा में एक संदिग्ध को टीम ने गिरफ्तार किया। तलाशी में संदिग्ध के पास से 115 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तस्कर की पहचान चकिया रोड निवासी शब्बू के रुप में हुई है। तस्कर ने रुपईडीहा के मुनीरगंज निवासी यास्मीन से स्मैक लेकर नेपाल में बेचने की बात बताई है। एसएसबी के एएसआई संतोष विश्वास ने बताया कि तस्कर को रुपईडीहा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।