जरवलरोड। आईपीएल चीनी मिल के पास रेलवे फाटक संख्या 295 बी पर बुधवार शाम वाहनों के दबाव के चलते करीब 45 मिनट तक जाम लगा रहा। इससे फाटक बंद नहीं हो सका और अमरनाथ एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुईं।
बुधवार शाम करीब 4:30 बजे स्टेशन मास्टर ने ट्रेन संख्या 15098 अमरनाथ एक्सप्रेस के गुजरने के लिए गेटमैन को फाटक बंद करने का निर्देश दिया। इस दौरान रेलवे लाइन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। गेटमैन के प्रयास के बावजूद जाम नहीं हट सका और फाटक बंद करने में देरी हुई।
सूचना पर जरवलरोड स्टेशन पर मौजूद जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर वाहनों को हटवाया, जिसके बाद फाटक बंद कराया जा सका। इस दौरान अमरनाथ एक्सप्रेस, डीसी पार्सल यान, आईसीएबी टैंक, 15204 लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस और मालगाड़ी समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुईं।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को स्थानीय बाजार होने के कारण वाहनों और लोगों की भीड़ अधिक थी। इसी वजह से जाम लगा था। पुलिस की मदद से जाम हटवाया गया।