नानपारा तहसील के अगैया में खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि।
- फोटो : BAHRAICH
अगैया (बहराइच)। अगैया स्थित एसएसबी मुख्यालय परिसर में रविवार को वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन छह टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीते। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना से खेलने की बात कही।
नानपारा तहसील अंतर्गत अगैया में स्थित एसएसबी मुख्यालय 59वीं बटालियन परिसर में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत आयोजित सीमा मित्र वालीबॉल कप प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि कमांडेंट उदय प्रताप सिंह चौहान रहे। उन्होंने फीता काट कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कमांडेंट ने कहा कि खेल से हमारा शारीरिक व मानसिक विकास होता है। हमारे बीच एकता की भावना जागृत होती है और स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।
पहले दिन सीमा मित्र खेल वालीबॉल प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। उप कमांडेंट शैलेष कुमार ने बताया कि रविवार को मिश्रापुर, सर्वोदय इंटर कॉलेज मिहींपुरवा, घुमनाभारू, संगवा, सलारपुर व जेएस एकेडमी की टीम ने जीत दर्ज की। उन्होंने बताया कि 12 टीमों के 85 खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर शेखर बजाज, वैभव सिंह, निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक सतीश कुमार यादव, रईस अहमद, शिवपूजन सिंह, संजीव कुमार श्रीवास्तव, संजय सिंह, आफताब खान आदि मौजूद रहे।