बहराइच। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद छह क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जनपद के तहसील सदर अंतर्गत मोहल्ला मीराखेलपुरा, तहसील पयागपुर के ग्राम असनहवा ललित नगर व ग्राम झाला तरहर, तहसील कैसरगंज अंतर्गत ग्राम बेदौरा व प्यारेपुर में एक-एक व्यक्ति तथा तहसील नानपारा के ग्राम पंडितपुरवा में एक से अधिक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद जिला मजिस्ट्रेट शंभु कुमार की ओर से संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
तत्काल प्रभाव से कोविड-19 के फैलाव को रोकने एवं बचाव व नियंत्रण किये जाने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रों तथा उसके आसपास के इलाके को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अग्रिम आदेश तक अस्थायी रूप से सील किये जाने एवं संपूर्ण क्षेत्र में प्रवेश एवं निकास तथा वाहनों के संचालन को अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर प्रतिबंधित किये जाने के आदेश जारी किए गए हैं।