श्रावस्ती/जमुनहा। साहब मैं आपके सामने जिंदा खड़ा हूं, लेकिन लेखपाल व कानूनगो ने मुझे कागजों में मृतक दिखा दिया है। यही नहीं, खतौनियों में से भी मेरा नाम हटा दिया गया है। जांच करवाकर मुझे जीवित दर्ज करवा दीजिए। जानबूझ कर मुझे मृतक दिखाने वालों पर सख्त कार्रवाई कीजिए। यह फरियाद जमुनहा में आयोजित समाधान दिवस में ककंधू निवासी अलोक कुमार ने एसडीएम संजय कुमार राय से की। इस पर एसडीएम ने जांच करवाने का आश्वासन दिया।
तहसील भिनगा में डीएम अश्विनी कुमार पांडेय व एसपी राहुल भाटी की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 20 फरियादी आए, जिनमें से पांच की शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम बनाकर मौके पर भेजी गई।
समाधान दिवस में मौजूद अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने कहा कि जनता की शिकायतों का समय से समाधान करें, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसपी राहुल भाटी ने थानाध्यक्षों को तय समय में समस्याओं का निस्तारण करने व शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के लिए निर्देशित किया। कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जमुनहा तहसील में आई 12 शिकायतों में से दो का और इकौना तहसील में आईं आठ शिकायतों में दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, सीओ भिनगा सतीश कुमार शर्मा, सीएमओ डॉ. सुनील कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग केपी मिश्र आदि मौजूद रहे।
पांच साल से नहीं मिली विधवा पेंशन
मुझे विधवा पेंशन मिलती थी, लेकिन पांच साल से पेंशन की किस्त नहीं आई। पेंशन के लिए कई बार शिकायत की, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में समाधान दिवस में एक बार फिर पेंशन लगवाने की गुहार लगाई है।
-कलावती, लाहौर खुर्द, भगवानपुर
राशन कार्ड से कट गया नाम
कार्ड से राशन मिलता था, लेकिन बिना कुछ बताए कार्ड से पूरे परिवार का नाम काट दिया गया। अब राशन कार्ड के लिए लगातार भटक रहे हैं। समाधान दिवस में भी एसडीएम से राशन कार्ड बनवाने की मांग की है।
-नसीम खान, भगवानपुर भैंसाही