- बहराइच में रविवार को लॉकडाउन के दौरान बाजार में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को लेकर लगाए गए लॉकडाउन के चलते रविवार को बाजारों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। बंदी होने के चलते दिनभर लोग अपने घरों में ही कैद रहे। वहीं इस दौरान सड़कों पर बेवजह घूमने निकले 85 लोगों को पुलिस ने चालान काटा। उधर, अफसरों की अगुवाई में साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन का काम भी होता रहा।
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच यूपी सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर रखा है। शुक्रवार की रात से सोमवार की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन सप्ताह में रहेगा। लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को भी बाजार मेें सड़कें सूनी रहीं। इक्का-दुक्का लोग ही गुजर रहे थे। लोग अपने घरों में कैद रहे। इस दौरान सड़कों और चौक-चौराहों पर पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे। यातायात पुलिस के प्रभारी अनिल तिवारी की अगुवाई में बेवजह बाहर निकले 85 लोगों का चालान किया गया। साथ ही सभी लोगों को मास्क लगाकर और जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई। सड़कों पर साफ-सफाई का काम भी चलता रहा।
अफसरों की अगुवाई में शहर के पीपल तिराहा, घंटाघर, छावनी, छोटी बाजार आदि जगहों पर सफाई का काम होता रहा। उधर, लॉकडाउन सोमवार की सुबह लॉकडाउन खत्म होने के बाद एक बार फिर से बाजार गुलजार हो जाएंगे। दुकानें खुलेंगी और पहले की तरह की जनजीवन पटरी पर लौट आएगा।