बहराइच। घरेलू गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को जिला पूर्ति अधिकारी ने शहर के बाजारों में स्थित दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दुकानदार को अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मौके से दो बड़े और पांच छोटे सिलिंडर के साथ रिफिलिंग उपकरण जब्त कर उन्हें सीज कर दिया गया।
डीएसओ नरेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने शहर के कई स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान विकास भवन के पास एक दुकान में बड़े सिलिंडर से छोटे अवैध सिलिंडर में गैस रिफिलिंग करते हुए दुकानदार मुजम्मिल को रंगे हाथ पकड़ लिया।
टीम ने दुकान से दो भरे हुए बड़े सिलिंडर, चार आंशिक भरे सिलिंडर, पांच छोटे अवैध सिलिंडर और चार रिफिलिंग उपकरण बरामद कर सभी सामान जब्त कर लिए।
इसके बाद टीम ने चौक बाजार, दरगाह शरीफ बाजार और छावनी बाजार समेत कई क्षेत्रों में निरीक्षण कर मिष्ठान भंडार, गैस उपकरण ठीक करने वाले कारीगरों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग न करें। ऐसा पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।