बहराइच। धनतेरस पर्व पर शुक्रवार को बाजार चमक उठा। दिन भर जमकर खरीददारी हुई। परंपरा निर्वहन के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखा। इस दौरान सराफा और बर्तन बाजार में तो रौनक रही ही, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक व कपड़ा बाजार में भी पूरे दिन खरीददारों की भीड़ जुटी रही। हर कोई धनतेरस के मौके पर किसी न किसी रूप में लक्ष्मी की कृपा पाने के प्रयास में दिखा। लगभग 50 करोड़ के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। ऑफर और गिफ्ट आइटमों की बौछार होने के चलते सामान की खरीददारी का उत्साह लोगों के सिर चढ़कर बोला। सुबह 11 बजे से देर रात तक खरीददारी का दौर चला।
धनतेरस पर्व पर सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल शुरू हो गई। दुकानें दुल्हन की तरह सजी नजर आईं। सुबह 11 बजे से धनतेरस पर्व पर परंपरा निर्वहन के लिए खरीददारी का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। शहर के स्टीलगंज तालाब, चौक बाजार, छोटी बाजार, छावनी व सराफा बाजार में स्थित सराफा की दुकानों पर रह-रहकर लोगों की भीड़ उमड़ती रही। तिल रखने भर की जगह नहीं थी।
कोई गणेश-लक्ष्मी के चांदी के सिक्कों की खरीददारी कर रहा था, तो कोई परंपरा निर्वहन के लिए सोने व चांदी के जेवरात और बर्तनों को खरीद रहा था। चांदी में नकली और असली की पहचान से बचने के लिए लोगों ने सोने के जेवरात, सिक्कों, मूर्तियों और बर्तनों की खरीददारी की। चांदी के पुराने सिक्कों की मांग अधिक रही, जिससे सराफा बाजार जमकर उछला।
सराफा व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष राकेश वर्मा ने बताया कि सुबह से अब तक शहर क्षेत्र में स्थित सराफा की दुकानों पर लगभग आठ करोड़ का कारोबार हुआ है। इसके अलावा ग्रामीण अंचलंो में स्थित सराफा की दुकानों पर भी लगभग पांच करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इस बार बीते वर्ष की अपेक्षा चांदी का मूल्य कम होने के चलते खरीददारी जमकर हुई है। लोग परंपरा निर्वहन के लिए उत्साहित दिखे।
सभी प्रकार के जेवरात खरीदते दिखे लोग
धनतेरस के अवसर पर लोगों की पसंद बीते वर्ष सोने के हल्के जेवरात रहे। वहीं इस वर्ष लोगों ने भारी जेवरात खरीदने से परहेज नहीं किया। चांदी की असलियत को लेकर कोई दिक्कत न हो, इसके लिए लोगों ने चांदी के पुरानों सिक्कों की खरीददारी में रुचि दिखायी। सराफा व्यवसायी पिंटू सोनी व राकेश रस्तोगी ने बताया कि अंग्रेजी शासनकाल के सिक्के खूब बिके।
बर्तनों की दुकानों पर उमड़ी भीड़
बर्तनों की दुकानों पर भी खरीददारी के लिए दोपहर से देर रात तक भारी भीड़ रही। सभी ने गृहस्थी के मुताबिक बर्तनों की खरीददारी की। बर्तन व्यवसाई टिसू सिंह ने बताया कि थाली, लोटा, ग्लास, बाल्टी व डिनर सेट की बिक्री अधिक हुई है। उन्होंने कहा कि स्टील के बर्तनों की मांग ज्यादा रही। फूल, गिलट, तांबा और पीतल के बर्तन स्टील की अपेक्षा काफी कम बिके। टीसू सिंह ने बताया कि शहर, कस्बा व ग्रामीण अंचलों में धनतेरस पर बर्तन का कारोबार लगभग 12 करोड़ से अधिक का होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इस बार कोई दुकानदार ऐसा नहीं रहा है, जिसने गिलट और फूल के 200-250 किलो से कम के बर्तन बेचे हों। सामान्य दुकान पर दो से तीन लाख की औसतन बिक्री का ग्राफ देर शाम तक रहा है। ऐसे में देर रात तक बिक्री का ग्राफ और आगे पहुंच जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद के खरीददारी की रही धूम
धनतेरस के अवसर पर लोगों ने परंपरा निर्वहन के लिए इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद खरीदने में अधिक रुचि दिखाई। टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, इंडक्शन चूल्हा, ओवन खरीदने में लोग आगे नजर आए। श्रीराम एजेंसी के मालिक मनीष मल्होत्रा ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद पर गिफ्ट आइटम और छूट का आफर था। जिसके चलते इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद लोगों की खास पसंद रहे। जिले में पांच करोड़ के कारोबार का अनुमान लग रहा है। व्यवसायी बृजेश गुप्ता व पवन जायसवाल ने भी कहा कि अधिकांश लोग ने इलेक्ट्रानिक उत्पाद की अधिक खरीददारी कर धनतेरस का त्योहार मनाया है।
वाहनों की भी जमकर हुई खरीद
धनतेरस के मौके पर विभिन्न एजेंसियों पर बाइक, ट्रैक्टर व कार की बिक्री भी जमकर हुई। बाइक एजेंसी मालिक दीपक खन्ना ने बताया कि बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 50 फीसदी कारोबार में बढ़ोत्तरी रही है। विभिन्न एजेंसियों पर ढाई सौ बाइकों की बिक्री हुई है। शहर के लखनऊ रोड बंजारीमोड़ पर स्थित बाइक एजेंसी मालिक प्रतीक सिंह व गोंडा रोड स्थित एजेंसी मालिक अशोक कुमार ने बताया कि 200 गाड़ियों की बुकिंग थी। लेकिन देर शाम तक 60 से 70 गाड़ियां बिक चुकी हैं। जब तक उपभोक्ता आते रहेंगे, एजेंसी खुली रहेगी। डिलीवरी शनिवार को भी दी जाएगी। पूरे जिले में डेढ़ दर्जन वाहन एजेंसियां हैं। जिन पर 12 करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।
रेडीमेड कपड़े रहे लोगों की पसंद
धनतेरस के पर्व पर रेडीमेड कपड़े अधिकांश लोगों की पसंद रहे। कपड़ा व्यवसायी सुमित कनौडिया ने बताया कि बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष कपड़ा की खरीददारी के लिए लोग आगे आए हैं। महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह नजर आया। अनुमान के मुताबिक लगभग सात करोड़ के आसपास कपड़े का बाजार चमका है।
गिफ्ट और मेवा की भी हुई बिक्री
दीपावली के मौके पर अपनों को गिफ्ट भेंट करने के लिए जमकर गिफ्ट पैक खरीदे गए। बाजार में 200 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक के गिफ्ट पैक मुहैया रहे। गिफ्ट पैक विक्रेता विकास कुमार ने बताया कि बीते वर्षों की अपेक्षा इस बार डिमांड अधिक रही है। लोगों ने 500 से ढाई हजार तक के गिफ्ट पैक को तरजीह दी है। मेवा की भी जमकर खरीददारी हुई। गिफ्ट पैक की बिक्री पूरे जिले में लगभग एक करोड़ व मेवा की बिक्री सवा करोड़ होने का अनुमान है।
बहराइच नगर में शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर सराफा की दुकान में गहनों की खरीददारी करतीं महिलाएं।- फोटो : BAHRAICH