हुजूरपुर (बहराइच)। शाहपुर में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि के बाद गांव को हॉटस्पाट घोषित कर दिया गया है। गांव में मजिस्ट्रेटों की तैनाती करते हुए सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। गांव का सैनिटाइजेशन करवाया जा रहा है। डीएम ने सीडीओ के साथ गांव का जायजा लिया। उन्होंने जरूरी सामानों की आपूर्ति और हर घर का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।
विकासखंड हुजूरपुर अंतर्गत शाहपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की सैंपल की जांच रिपोर्ट शनिवार देर रात आई। रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने गांव में रास्तों को सील करने की कार्रवाई रविवार सुबह से शुरू कर दी। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है।
जिसके बाद पुलिस ने गांव के अंदर आने और जाने वाले सभी रास्तों को बैरीकेडिंग लगाकर सील कर दिया है। डीएम ने गांव में कैसरगंज के एसडीएम बाबूराम को मजिस्ट्रेट, बीडीओ तेजवंत सिंह को सहायक मजिस्ट्रेट और सीओ कैसरगंज जंग बहादुर यादव को नोडल पुलिस अधिकारी के रूप में तैनात किया है।
डीएम ने रविवार को सीडीओ अरविंद चौहान, सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह आदि के साथ गांव का दौरा किया। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि गांव में हर घर का सर्वे कराया जाए। किसी में लक्षण हो तो तत्काल उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। एसडीएम को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर सभी घरों तक जरूरी सामानों की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।