जरवलरोड। कैसरगंज क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सांसद करन भूषण सिंह की मांग पर केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयनगर-अमृतसर 14673/14674 शहीद एक्सप्रेस के जरवलरोड स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है।
सांसद ने रेलमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया था और लंबी दूरी की ट्रेन के ठहराव की मांग रखी थी। इसके बाद रेल मंत्रालय ने ट्रेन के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी। शहीद एक्सप्रेस के ठहराव से अब स्थानीय यात्रियों को पंजाब, लुधियाना, जालंधर और अमृतसर आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को अन्य स्टेशनों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी। ट्रेन ठहराव की स्वीकृति की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सांसद के प्रयास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।