मिहींपुरवा (बहराइच)। सशस्त्र सीमा बल 59वीं वाहिनी नानपारा की ओर से उच्च प्राथमिक विद्यालय मटेहीकला में 50 महिलाओं को दिए जा रहे सिलाई प्रशिक्षण का सोमवार को समापन हो गया। इस अवसर पर प्रशिक्षित महिलाओं को प्रमाणपत्र दिया गया।
इसके पहले कमांडेंट कैलाश चंद एवं विशिष्ट अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किजा। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल का उद्देश्य सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व है। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्र की 50 ग्रामीण महिलाओं को निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण दिया गया है। इससे महिलाएं रोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। इसके अलावा मानव व पशु चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें मटेही कला, लौकाही, बलाईगांव, घुमनाभारू, कौवाभारी, मुर्तिहा एवं सालारपुर के ग्रामीण शामिल हुए। इस अवसर पर उप कमांडेंट हिमांशु दुबे, निरीक्षक मदन लाल, सुग्रीव प्रसाद, प्रदीप घोष, निर्मल साहू, विमला नेपाली समेत कई लोग मौजूद थे।