मिहींपुरवा में सड़क हादसे के बाद सीएचसी में भर्ती घायल कांवड़िया।
मिहींपुरवा (बहराइच)। अमावस्या के अवसर पर प्राचीन बाबा बूढ़ेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे सात कांवड़िये अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया। जहां पांच की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे के बाद कांवड़ियों में भारी आक्रोश है।
मोतीपुर क्षेत्र के महबूबनगर निवासी अजय (26) अमावस्या के पावन मौके पर अपने आराध्य का जलाभिषेक करने के लिए बुधवार की रात कांवड़ लेकर पैदल बाबा बूढ़ेश्वरनाथ मंदिर जा रहे थे। उनके साथ महबूबनगर निवासी हरीराम (22), जाेगनिया निवासी विशाल (13) व सुजौली निवासी सीताराम (22) भी मौजूद थे। सभी कांवड़ लेकर लखीमपुर-नानपारा हाईवे स्थित मटिहा मोड़ पहुंचे थे कि उन्हेंं अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। कांवड़ लेकर जा रहे अन्य कांवड़ियों ने तत्काल सभी को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। जहां अजय व सीताराम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
वहीं, दूसरा हादसा बृहस्पतिवार की सुबह लगभग पांच बजे हुआ। बाबा बूढ़ेश्वरनाथ मंदिर से जलाभिषेक कर पैदल घर लौट रहे कांवड़िये मटेही निवासी लकी (08), अजीत (17) व मुर्तिहा के गौरा पिपरा निवासी संदीप (18) काे मटिहा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों कांवड़ियों को प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।