बहराइच। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार जगहों हुई मारपीट की घटनाओं में दंपति सहित सात लोग घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। वहीं पीडि़तों की तहरीर पर पुलिस ने 11 से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बौंडी थाना क्षेत्र के कोदही निवासी मुकेश तिवारी ने तहरीर में बताया है कि उनका छोटा भाई नीरज तिवारी शुक्रवार को घर के बाहर सामान ले रहा था। तभी जमीनी रंजिश के चलते पड़ोसी राजकुमार, संदीप, सुधाकर, नीलू ने उसे लोहे की रॉड, लाठी-डंडों से पीटा। बचाने आई उसकी पत्नी गुड़िया की भी पिटाई कर दी। वहीं, फखरपुर थाना क्षेत्र के शाहबापुर निवासी मुबस्सीर अहमद (32) पर रंजिश के चलते भाई ने चाकू से हमला कर दिया।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र के किला मोहल्ला निवासी शौकत रजा अहमद (45), इमरान (32), अली (12) पर शुक्रवार की रात मोहल्ले में ही बच्चों के विवाद के चलते कई युवकों ने लाठी-डंडों, राॅड, ईंट व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक अन्य घटना में तेजवापुर निवासी आवास विकास के ठेकेदार रामू उर्फ राजेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की सुबह वह कार से अपने बच्चों अमरजीत, स्वाति सिंह को स्कूल छोड़ऩे पंचवटी के पास गए थे। तभी ओवरटेकिंग को लेकर तीन ई रिक्शा चालकों सहित कई लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी और कार भी तोड़ दी। तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।