जरवलरोड (बहराइच)। घूरनपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर रात उर्स के मौके पर आतिशबाजी के दौरान गोला फटने से नौ लोग घायल हो गए। धमाके की आवाज सुन आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया।
जरवल रोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घूरनपुर गांव में फकीर की मजार स्थित है। जिनका नौचंदी के दिन उर्स आयोजित किया गया था। जिसमें दूर-दराज के जायरीन पहुंचे थे। उर्स के मौके पर गांव निवासी कुछ युवा आतिशबाजी करने लगे इसी दौरान गोला फट गया। जिससे शमीर (19), शीवान (18) , मोहम्मद शानू (13), फहामुद्दीन खां, अतहर खां, इंसान, मुजस्मिन, मुजक्किर, कयूम सहित नौ लोग घायल हो गए। शमीर के पेट में गंभीर जख्म हो गया है व शीवान का एक पंजा कट गया है, जबकि मोहम्मद शानू का कान कट गया है। घायलों को सीएचसी मुत्सफाबाद में भर्ती कराया गया। जहां शमीर, शीवान, शानू की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। जरवल थाना अध्यक्ष बृजराज प्रसाद का कहना है कि घटना की फिलहाल किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।