उर्रा (बहराइच)। उर्रा निवासी महिलाएं व युवतियां सोमवार को सुबह स्नान करने के लिए सरयू नदी को जा रही थीं। वे नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर पहुंची। तभी पीछे से आ रही डीसीएम ने रौंद दिया, जिससे सात लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के उर्रा निवासी लगभग 10 महिलाएं व युवतियां कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान के लिए सोमवार को रवाना हुईं। वे पैदल घर से रवाना हुईं। जालिमनगर स्थित सरयू नदी के पास पहुंचकर सभी को स्नान करना था। महिलाओं का जत्था नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कटी पुलिया के पास पहुंचा। तभी सुबह पांच बजे लखीमपुर की ओर जा रही डीसीएम ने उन्हें रौंद दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गांव निवासी पारो (18) पुत्री किशोरी, किरन (18) पुत्री सत्रोहन, महिनकी (31) पत्नी नरेश, जनकदुलारी (15) पुत्री बैठू, सुशीला (38) पत्नी चुन्नू, नंदिनी (12) पुत्री रमेश, कमला देवी (60) घायल हो गये। चीख पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्रा पहुंचाया। इनमें पारो और सुशीला की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला ने बताया कि घायलों की हालत में सुधार है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।