बहराइच। जिले में कोरोना मरीज मिलने के बाद सात क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जनपद के तहसील सदर अंतर्गत मोहल्ला नई बस्ती बक्शीपुरा, खत्रीपुरा, जयहिंद कोठी केवानागंज, तहसील महसी के महजिदिया भवानीपुर व ग्राम नेवादा, तहसील कैसरगंज अंतर्गत टेड़वा अल्पीमिश्र गांव, तहसील नानपारा के ग्राम भरिया में एक से अधिक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट शंभु कुमार की ओर से संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। तत्काल प्रभाव से कोविड-19 के फैलाव को रोकने एवं बचाव व नियंत्रण किये जाने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रों तथा उसके आसपास के इलाके को निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार अग्रिम आदेश तक अस्थायी रूप से सील किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे क्षेत्र में प्रवेश एवं निकास तथा वाहनों के संचालन को अपरिहार्य स्थिति को छोड़कर प्रतिबंधित किये जाने के आदेश जारी किए गए हैं।