कलेक्ट्रट परिसर में आत्मदाह का प्रयास करते धनंजय। - वीडियोग्रैब
बहराइच। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर यूजीसी के नए नियम के विरोध में अखंड भारत स्वदेशी अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय विक्रम सिंह ने कपड़ों में आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझा दी। पुलिस ने धनंजय को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
अखंड भारत स्वदेशी अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय विक्रम सिंह ने पूर्व में जिले के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाकर यूजीसी के नए नियम के विरोध में प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग की थी, आत्मदाह की चेतावनी भी दी थी। सोमवार को वह अचानक कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और प्रधानमंत्री इस्तीफा दो के नारे लगाते हुए अपने कपड़ों में आग लगा ली।
घटना से परिसर में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों और पुलिस कर्मियों ने तत्काल आग बुझा दी। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने धनंजय को शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
धनंजय का कहना है कि यूजीसी के नए नियम सवर्ण समाज के हित में नही हैं, इन्हें वापस लिया जाना चाहिए।
-
नहीं मिली जमानत, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
कलेक्ट्रेट परिसर में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में आत्मदाह का प्रयास करने वाले अखंड भारत स्वदेशी अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय विक्रम सिंह को सोमवार शाम नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने का आदेश दिया। परिजनों ने न्यायालय में दलील दी कि आत्मदाह के प्रयास के दौरान धनंजय झुलसकर गए हैं और उन्हें समुचित चिकित्सीय उपचार की आवश्यकता है। हालांकि न्यायालय ने निर्देश दिया कि उनका उपचार जिला कारागार के अस्पताल में ही कराया जाएगा।