बॉक्सिंग मैच के विजेता खिलाड़ियों के साथ मुख्य अतिथि व अन्य।
बहराइच। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को जनपदीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन केबी इंटर कॉलेज पयागपुर के संयोजन में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक यशवंत सिंह ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में महाराज सिंह इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज रिसिया, एसपीबीपी सेमरहना इंटर कॉलेज, सीएमएस समेत कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
क्रीड़ा सचिव विवेक रावत ने बताया कि अलग-अलग भार वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह खिलाड़ियों का मंडलीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया। चयनित खिलाड़ी अब श्रावस्ती में होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता में बहराइच का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नागेंद्र कुमार, गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जसवंत सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव और आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश पटेल, केपी सिंह, अभिनय कुमार, दिनेश कुमार वर्मा, विनोद कुमार, प्रभात कुमार, महेश, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।