बहराइच। रबी की फसलों की बोआई के लिए कृषि विभाग किसानों को अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध करा रहा है। शनिवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने राजकीय कृषि बीज भंडार गजाधरपुर, फखरपुर और कैसरगंज का निरीक्षण कर बीजों की उपलब्धता और बिक्री की जानकारी ली।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को गेहूं और सरसों के बीज पर 50 प्रतिशत, जबकि चना, मटर और मसूर के बीज पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। जिले में इस बार 35 हजार क्विंटल गेहूं के बीज की बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक जिले के सभी 14 राजकीय कृषि बीज भंडारों पर 8400 क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जा चुका है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार पर पहुंचकर अनुदानित दरों पर बीज प्राप्त करें। विभाग की ओर से गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों और लाही के बीजों की बुकिंग भी की जा रही है। किसान जरूरत के अनुसार बीज की बुकिंग कराकर उसे आरक्षित करा सकते हैं।
पहले से करा सकते हैं बीज की बुकिंग
किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने बुकिंग की सुविधा शुरू की है। किसान नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर पहुंचकर अपनी जरूरत के बीज की बुकिंग करा सकते हैं। इससे उन्हें समय पर बीज मिल सकेगा और बोआई के दौरान परेशानी नहीं होगी।