मिहींपुरवा। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत रामसहायपुरवा गांव में मवेशियों पर तेंदुए के लगातार हमलों के बीच वन विभाग को दूसरी बड़ी सफलता मिली है। सोमवार रात करीब 2:45 बजे बकरी के शिकार के लालच में एक नर तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। परीक्षण में वह पूरी तरह स्वस्थ मिला है। उसके पकड़े जाने के बाद गांव के लोगों ने राहत महसूस की है।
रात में तेंदुए के पिंजरे में कैद होने के बाद उसकी गुर्राहट से आसपास के लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों की सूचना पर गश्ती टीम ने तत्काल अधिकारियों को पिंजरे में तेंदुए के कैद होने की सूचना दी। उसे सुरक्षित रेंज कार्यालय पहुंचाया गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने सुबह गाइडलाइन के अनुसार उसका परीक्षण किया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ मिला।
स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अब तेंदुए को उसके प्राकृतिक वास में सुरक्षित छोड़ने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है।
छह साल का है नर तेंदुआ
कतर्नियाघाट के डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि रामसहायपुरवा के पास पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ नर है। उसकी उम्र करीब छह वर्ष और वजन लगभग 50 किलोग्राम है।
31 अगस्त को मादा, अब नर भी कैद
रामसहायपुरवा गांव में तेंदुए की गतिविधियों और मवेशियों पर हमले को देखते हुए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। 31 अगस्त को इसी क्षेत्र में एक मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने क्षेत्र में एक और तेंदुए के होने की आशंका जताई थी। इसके बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए पिंजरा लगा रखा था। सोमवार रात उसी पिंजरे में दूसरा तेंदुआ कैद हो गया।
पिंजरे में कैद हुए तेंदुए एक नजर में:
-14 सितंबर : ककरहा रेंज के रामसहायपुरवा गांव में नर तेंदुआ पिंजरे में कैद।
-11 सिंतंबर : निशानगाड़ा रेंज के पचासा-मटेही गांव में पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ।
-6 सितंबर : नानपारा रेंज के ग्राम जुगराज पुरवा में पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ।
-02 सितंबर : ककरहा रेंज के महबूबनगर गांव में तेंदुआ पिंजरे में कैद।
-01 सितंबर : सुजौली रेंज के बाजार टोला में तेंदुआ पिंजरे में कैद।
-31 अगस्त : ककरहा रेंज के रामसहाय पुरवा गांव में पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ।
-25 अगस्त : मोतीपुर वन रेंज के जगतापुर गुलरिहा गांव में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ।
-20 अगस्त : ककरहा रेंज के ढोढ़ेपुरवा में वयस्क नर तेंदुआ कैद।
-13 अगस्त : हरदी के बाजपेयीपुरवा में मादा तेंदुआ पकड़ी गई।
-11 अगस्त : मोतीपुर के दौलतपुर नई बस्ती में करीब सात वर्ष का नर तेंदुआ कैद।
-4 अगस्त : सुजौली के त्रिलोकीगौढ़ी में करीब चार वर्ष का नर तेंदुआ पकड़ा गया।
-31 जुलाई : ककरहा क्षेत्र में लगाए पिंजरे में मादा तेंदुआ कैद।
-20 जुलाई : अहिरनपुरवा में बुजुर्ग पर हमले के बाद पांच वर्षीय मादा तेंदुआ पकड़ी गई।