नानपारा। मटेरा इलाके में महिला से मंगलसूत्र लूटकर भागे 25 हजार रुपये के इनामी को पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नानपारा क्षेत्र में निबिया नहर पुलिया के पास पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। उसे सीएचसी नानपारा में भर्ती कराया गया।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पहली सितंबर को मटेरा क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना में कोतवाली देहात के आगापुरवा निवासी असलम उर्फ साहिल उर्फ सुहैल वांछित था। बुधवार रात की गई घेराबंदी में भी वह पुलिस टीम को चकमा देकर भाग निकला था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बृहस्पतिवार रात मुखबिर की सूचना पर नानपारा पुलिस और स्वॉट टीम ने निबिया नहर पुलिया से रुपईडीहा मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। उसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक, दो मोबाइल, तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा बरामद किया। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी व अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इनामी असलम पर दर्ज हैं 12 प्राथमिकी
पकड़े गए असलम पर रामगांव थाने में एनडीपीएस एक्ट व अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। वहीं मटेरा में लूट तथा आर्म्स एक्ट व अन्य वारदातों के छह प्राथमिकी दर्ज हैं। फखरपुर, थाना जरवलरोड, थाना रिसिया और कोतवाली देहात में भी प्राथमिकी दर्ज है।