पयागपुर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता का निरीक्षण करते एसडीएम। -संवाद
पयागपुर। आदर्श नगर पंचायत पयागपुर क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पार सड़क किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य में मानकों एवं गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रीय लोगों की ओर से शिकायत की गई। बुधवार को जांच करने पहुंचे उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने काम रुकवा दिया और निर्माण सामग्री के नमूने जांच के लिए अपने साथ ले गए।
क्षेत्रीय सभासद रंजीत चौहान ने बताया कि ठेकेदार द्वारा बिना गिट्टी डाले ही जेएसबी से एजिंग का कार्य कराया जा रहा था। एजिंग में भी घटिया गुणवत्ता की पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा था, जबकि मसाले के रूप में उपयोग की जा रही सामग्री भी मानक विहीन पाई गई। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यों की निगरानी के लिए जिम्मेदार अवर अभियंता भी मौके पर तकनीकी मार्गदर्शन के लिए उपस्थित नहीं रहते हैं।
स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण कार्य का विरोध किया और अवर अभियंता विवेक पाठक को सूचना दी, जिन्होंने तत्काल काम रोकने के निर्देश दिए। एसडीएम अश्वनी कुमार पांडेय ने सख्त निर्देश दिए कि पहले गिट्टी डालकर सतह को मजबूत किया जाए, उसके बाद ही एजिंग एवं इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाए। अन्यथा की स्थिति में भुगतान रोकने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।