बहराइच। लखनऊ में कोरोना वायरस मरीज मिलने के बाद बहराइच में बचाव के लिए जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। 22 मार्च तक स्कूल बंद रहेंगे। लखनऊ में हालात को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा। बचाव के लिए लोग मास्क लगाकर घर से निकल रहे हैं। मेडिकल स्टोरों पर मास्क की खरीददारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। जिला अस्पताल में दस बेड का वार्ड भी बनाया गया है।
डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि लखनऊ में मुख्यमंत्री की मीटिंग में कोराना वायरस से बचाव के लिए स्कूल व कॉलेज बंद करने का फैसला लिया गया है। सीएम के आदेश के बाद जिले में इस आदेश को जारी कर दिया गया है। 22 मार्च तक कोई भी स्कूल व कॉलेज नहीं खुलेंगे।
डीआईओएस ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आगे सब कुछ सही रहा तो स्कूल व कॉलेज खुलेंगे। वरना आगे भी लखनऊ के निर्देश के बाद निर्णय लिया जाएगा। छुट्टी बढ़ाई जा सकती है। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य महकमा भी पूरी तरह अलर्ट है। मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का वार्ड बनाया गया है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डीआईओएस ने बताया कि जो परीक्षाएं चल रही हैं। वह रद्द नहीं होंगी। जो परीक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं, उनको टाल दिया जाएगा। समय को देखते हुए आगे नई तारीख में परीक्षा कराई जाएगी।
उधर, कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोग अपने घरों से मास्क लगाकर निकल रहे हैं। मास्क की मांग बाजार में बढ़ गई है। मेडिकल स्टोर पर मास्क खरीदने के लिए भीड़ उमड़ने लगी है। शहर के घंटाघर बाजार, पीपल चौराहा, छावनी बाजार व अस्पताल चौराहे पर स्थित मेडिकल स्टोर पर मास्क की जोरों पर बिक्री की जा रही है।