बहराइच। बारिश से निचले इलाकों के कई स्कूलों में जलभराव हो गया है। इन सब के बीच सोमवार से लगभग डेढ़ माह बाद परिषदीय स्कूलों के ताले खुलेंगे। ऐसे में बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जिले में 2803 परिषदीय स्कूल हैं। जिसमें लगभग चार लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में लगभग आठ हजार शिक्षकों की तैनाती है। भीषण गर्मी के कारण लगभग डेढ़ महीने से विद्यालय बंद थे। शासन के निर्देश पर तीन जुलाई से विद्यालय खुल रहे हैं। बारिश से तमाम विद्यालयों में पानी भरा हुआ है। विद्यालय जाने वाले रास्तों पर भीषण कीचड़ व जलभराव है।
प्राथमिक विद्यालय सम्मनपुरवा में भरा पानी
खैरीघाट (बहराइच)। ग्राम पंचायत महसी के प्राथमिक विद्यालय सम्मनपुरवा में बारिश से जलभराव हो गया है। अब अगर और बारिश हुई तो शिक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है।
गांव निवासी जमील अहमद, लतीफ अहमद, मोहम्मद अरबी, अनवर अली, शकील अहमद आदि ने बताया कि जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण पानी रोड पर भर जाता है। सोमवार को कीचड़ व पानी में होकर बच्चों को जाना पड़ेगा।