बहराइच। बारिश ने पालिका प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। दो दिन हुई बारिश से नाले-नालियां चोक होने से गंदा पानी सड़क पर भर गया है। जलभराव से निजात दिलाने के लिए पालिका प्रशासन की टीम हांफती नजर आई।
शहरवासियों को जलभराव से निजात नहीं मिल पा रही है। बरसात के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी शहर के नौवागढ़ी, घसियारीपुरा, बख्शीपुरा, चांदमारी मोहल्ले के लोगों को उठानी पड़ती है। प्रत्येक वर्ष पालिका प्रशासन शहरवासियों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए लाखों खर्च कर नाले-नालियों की सफाई करने का दावा करता रहता है लेकिन पालिका प्रशासन का दावा बरसात शुरू होते ही हवा-हवाई होने लगता है।
नगर में नए निजाम ने बरसात से पूर्व शहरवासियों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए नाले-नालियों की सफाई के लिए अभियान चलाया था। करीब 50 से अधिक सफाईकर्मियों को वार्डों में लगाकर सफाई कराने का काम किया गया था। लेकिन नगर पालिका के सफाई अभियान की पोल पहली ही बरसात ने खोलकर रख दी।
जिले में दो दिनों तक हुई बारिश के चलते शहर का मुख्य बाजार समेत डीएम तिराहा, नौवागढ़ी, बख्शीपुरा, घसियारीपुरा मोहल्लेवासियों को एक बार फिर जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। अगर हालात यही रहे तो आने वाले दिनों में लोग जलभराव से जूझने को मजबूर होंगे।