केपीएस पब्लिक स्कूल में बच्चों को जानकारी देते फ्रेंड्स क्लब के पदाधिकारी। स्रोत : आयोजक
बहराइच। वन्यप्राणी सप्ताह के छठे दिन सोमवार को केपीएस पब्लिक स्कूल, हरिहरपुर रैकवारी में फ्रेंड्स ऑफ कतर्नियाघाट की ओर से वन्यजीवों पर आधारित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बीच बच्चों को कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार के क्षेत्रफल, सातों रेंज, जंगल की जैव विविधता, नदियों और वन्यजीवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
फ्रेंड्स ऑफ कतर्नियाघाट के अध्यक्ष बीडी लखमानी ने बच्चों को 25 चित्र दिखाकर बाघ, तेंदुआ, जंगली हाथी, गैंडा, बाज, उल्लू, धनेश और गैंगेटिक डॉल्फिन सहित अन्य पक्षियों और जलीय जीवों से अवगत कराया।
उन्होंने बच्चों को बाघ, तेंदुआ, चीतल, बारासिंघा, घड़ियाल व मगरमच्छ में अंतर समझाया और कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय पशु बाघ की गणना की विधि की जानकारी देकर उन्हें वन और वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या कामना केशवानी, शिक्षक सत्य चरण लकी और स्कूल स्टाफ के 39 सदस्यों को सेव टाइगर्स वाले चाभी के छल्ले और बच्चों को बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में वन्य जीवों के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना बढ़ाने का प्रयास किया गया।