घाघराघाट पर सरयू नदी का घटा जलस्तर। -संवाद
बहराइच। सरयू नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज होने से बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन बैराजों से छोड़े जा रहे पानी ने ग्रामीणों की चिंता फिर बढ़ा दी है। सोमवार शाम चार बजे एल्गिन ब्रिज पर सरयू का जलस्तर 105.84 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.07 मीटर से 23 सेमी नीचे है। वहीं नदी में 3.11 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से आने वाले दिनों में जलस्तर फिर बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
जलस्तर घटने के साथ महसी क्षेत्र में नदी का कटान फिलहाल थमा हुआ है। इससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिली है। हालांकि मिहींपुरवा इलाके में नदी अब भी खेती योग्य जमीन को रुक-रुक कर काट रही है। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब आठ बीघा खेती योग्य जमीन नदी की धारा में समा गई।
उपखंड अधिकारी नंदू प्रसाद ने बताया कि चौधरी चरण सिंह गिरिजापुरी बैराज समेत अन्य बैराजों से कुल 3,11,605 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नदी के जलस्तर और डिस्चार्ज पर लगातार नजर रखी जा रही है।