बहराइच। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित समुदाय प्रकृति परिवार पंथ तथा वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्राचीन श्री मरी माता मंदिर परिसर स्थित मां सरयू आरती व दीपोत्सव मनाया गया। सरयू तट को 1111 दीपकों से जगमगाया गया।
कार्यक्रम मेें मुख्य अतिथि जिला गंगा व पर्यावरण समिति के सचिव डीएफओ बहराइच संजय शर्मा रहे। मुख्य अतिथि ने प्लास्टिक मुक्त भारत व पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ। प्रकृति परिवार पंथ के प्रमुख व सरयू शृंगार सेवा के संयोजक अर्चित मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण रखी गई है जिसका उद्देश्य धरती, नदियों, जंगलों आदि का विशेष ध्यान रखते हुए हमें अपने समाज से प्लास्टिक को समाप्त करना है।
डीएफओ संजय शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य हमारी प्राकृतिक संपदा को सहेजना व सरयू को प्रदूषण मुक्त रखते हुए इसके गौरव, सौंदर्य को पुन: वापस लाना है। यहां पर 1111 दीपदान किए गए व पुरोहितों द्वारा संध्या सरयू आरती उतारी गई। कमल पुष्प, पंचामृत व त्रिवेणी जल से मां सरयू का भव्य अभिषेक किया गया। जय सरयू माता तेरी जय सरयू माता.. गाकर गायक जसवीर सिंह व साथियों ने मां सरयू की आरती गाई।