रिसिया के सहनवाजपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : BAHRAICH
रिसिया (बहराइच)। विकास खंड की ग्राम पंचायत सहनवाजपुर के खेल मैदान में जल आंचल प्रगति पथ व जल आंचल विद्यार्थी परिषद की ओर से 14वीं सीनियर ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सहनवाजपुर की टीम ने जीता। समापन पर विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
रिसिया विकास खंड की ग्राम पंचायत सहनवाजपुर के खेल मैदान में आयोजित ओपन कबड्डी प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि प्रभारी निरीक्षक पीपी पांडेय रहे। उन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर एसओ ने कहा कि खेल में भी बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है। खिलाड़ी कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ें और अपना मुकाम हासिल करें।
ग्राम प्रधान अनिल निषाद ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता में मिहींपुरवा, मलवा भकुरहा, गोदनी बसाही, सहनवाजपुर समेत आठ टीमों ने भाग लिया। पहला मुकाबला रिसियामोड़ व मिहींपुरवा टीम के बीच खेला गया, जिसमें मिहींपुरवा की टीम ने जीत दर्ज की।
देर शाम फाइनल मुकाबला अमरनाथ मेमोरियल शिक्षण संस्थान सहनवाजपुर व सोंगवा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें 20 मिनट तक चले मुकाबले में सहनवाजपुर की टीम ने जीत दर्ज की। समापन पर विजेता व उपविजेेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर बजरंगबली पाठक, रामप्रकाश, निशांत, लालता प्रसाद विश्वकर्मा, ओमप्रकाश चौहान, महेश कुमार भारती, बृजेश यादव, संजय चौहान आदि मौजूद रहे।