कुड़ौनी में आयोजित क्रिकेट मैच में शील्ड के साथ विजेता टीम के खिलाड़ी व अन्य। - स्रोत : आयोजक
देवलखा। कैसरगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुड़ौनी में आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को बड़े उत्साह और रोमांच के साथ खेला गया। फाइनल मैच में सबलू इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मौलवी इलेवन को 20 रनों से हराकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस रोमांचक मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पर मौजूद थे। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी मोहम्मद शानू ने किया।
फाइनल मुकाबले में मौलवी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सबलू इलेवन की टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 75 रन बनाए। सबलू इलेवन की ओर से सैद काजी ने 40 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में मौलवी इलेवन की टीम ने पूरा प्रयास किया, लेकिन वे निर्धारित ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 20 रनों से मैच हार गई।
मौलवी इलेवन के गेंदबाज समीर अहमद ने पूरे टूर्नामेंट में सात विकेट लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। मैच के समापन पर विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आयोजक अरफात काजी व जियाउद्दीन आदि मौजूद रहे।