बहराइच। लूट के मामले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने बुधवार को एक आरोपी को सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने सात हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
कोतवाली नानपारा की पुलिस लूट के आरोपी परशुराम को 22 जून 2021 को गिरफ्तार कर एक्सरे के लिए बहराइच ला रही थी। उसी दौरान आरोपी पुलिस आरक्षी के कंधे में टंगी सरकारी एक्शन गन को लेकर भागने लगा। पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस पर गन लोड करने की कोशिश करते हुए गोली मारने की धमकी दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की तो गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद आरोपी पर कोतवाली नानपारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस मामले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रतिभा चौधरी ने आरोपी को सात वर्ष के कारावास की सजा सुनाई।