बहराइच के केडीसी मैदान में आयोजित मैच में बैटिंग करता खिलाड़ी। - स्रोत : आयोजक
बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में रविवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी की ओर से मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मुकाबला न्यू क्रॉस क्लब टीम और रोअर गन्स क्लब टीम के बीच खेला गया। इसमें रोअर गन्स टीम ने न्यू क्रॉस को हराया। इस दौरान दर्शकों की भीड़ मौजूद रही।
मैच में टॉस जीतकर न्यू क्रॉस के कप्तान हारिस ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 20 ओवरों के मैच में न्यू क्रॉस ने नौ विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। टीम की ओर से दानिश खान ने 31 और प्रिंस श्रीवास्तव ने 20 रनों की पारी खेली।
अन्य बल्लेबाजों ने भी छोटे योगदान देकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रोअर गन्स की गेंदबाजी में साहिल सबसे सफल रहे, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए। गुलनवाज और अनस ने दो-दो विकेट लेकर बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोअर गन्स की टीम शुरुआत में लड़खड़ाई, लेकिन शेखू ने 46 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। जुबेर ने 26 और अल्तमस ने 24 रन जोड़कर टीम को जीत की राह पर आगे बढ़ाया।
रोअर गन्स ने 19वें ओवर में आठ विकेट खोकर 148 रन बनाते हुए मुकाबला दो विकेट से अपने नाम कर लिया। न्यू क्रॉस की ओर से प्रिंस श्रीवास्तव ने चार और मोहम्मद ने दो विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए साहिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायरिंग मयंक गुप्ता और समीर शुक्ला ने की, जबकि स्कोरर की भूमिका अंश शुक्ला ने निभाई।