रुपईडीहा में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जांच करती पुलिस व जमा लोग।
रूपईडीहा (बहराइच)। ग्राम पंचायत तिगड़ा निवासी रामानंद यादव (25) को बृहस्पतिवार की रात तेज रफ्तार रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे में रामानंद की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के भेजा।
परिजनों ने बताया कि रामानंद किसी कार्य से रुपईडीहा गए थे। वहां से रात लगभग 11 बजे घर लौट रहे थे। इस दौरान रुपईडीहा-बाबागंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुस्कान होटल के पास उन्हें रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में उनका सिर बस के पहिये की चपेट में आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। थाना प्रभारी रमेश रावत ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। राहगीरों ने बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो घायल
रानीपुर क्षेत्र के रानीपुरवा निवासी जफर अली (26) शुक्रवार की दोपहर अपने पड़ोसी मंसूर अली (17) के साथ किसी कार्य से बाजार गए थे। वहां से बाइक से घर लौटते समय बहराइच-हुजूरपुर मार्ग पर रानीपुरवा मोड़ के पास उनकी बाइक में तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में गंभीर रूप से घायल मंसूर व जफर को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डाॅ. आशीष वर्मा ने बताया कि दोनों का इलाज जारी है।
रुपईडीहा में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद जांच करती पुलिस व जमा लोग।