बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शंभु कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई, जिसमें रिसिया के व्यापारियों की ओर से विद्युत तारों को भूमिगत किए जाने का मामला उठाया गया। इस पर पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने विद्युत तारों को भूमिगत किए जाने के लिए शासन को 6.86 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी।
बैठक में जिलाधिकारी शंभु कुमार ने अधिकारियों को व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कृष्णा मोहन फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य गेट के ऊपर से 33 केवी लाइन के अंडर ग्राउंड किये जाने के बारे में बताया गया कि 132 केवीए उपकेंद्र बहराइच से सलारपुर मोड़ रिसिया रोड तक 8.04 किमी की 33 केवी लाइन को भूमिगत किये जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
इसके तहत 6.86 करोड़ रुपये का प्रस्ताव एएमएसडीपी योजना के तहत शासन को प्रेषित कर दिया गया है। बजट मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा। इसी प्रकार डिगिहा चौराहे से गोंडा रेलवे क्रॉसिंग तक जाम की समस्या के बारे में निर्णय लिया गया कि माल गोदाम रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के निकट खाली पड़ी भूमि से टैक्सी स्टैंड को संचालित किया जाए।
भिनगा रोड से मल्हीपुर रोड को जोड़ने वाली कटरा बहादुरगंज सड़क के निर्माण के बारे में अवगत कराया गया कि निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हो गयी है। उद्यमियों एवं व्यापारियों की ओर से अवगत कराया गया कि अतिक्रमण अभियान के दौरान हटाये जाने वाले स्थानों पर पुन: अतिक्रमण कर लिया जाता है, जिससे समस्या जस की तस बनी रहती है।
बैठक में औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एकल मेज व्यवस्था, निवेश मित्र योजना, सिंगल विंडो सिस्टम, इन्वेस्टर्स समिट में किये एमओयू की प्रगति सहित अन्य की समीक्षा की गई। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग मोहन शर्मा ने किया।
इस अवसर पर एएसपी नगर अजय प्रताप, एसडीएम सदर रामचंद्र यादव, एआरएम मोहम्मद इरफान, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह, प्रभारी एलडीएम आरवीएस राजपूत विधायक प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, हरिश्चंद्र गुप्ता व अशोक कुमार मातनहेलिया, बृजमोहन मातनहेलिया आदि मौजूद रहे।