रिसिया (बहराइच)। रिसिया नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तीन दिन से ठप है। बिजली न मिलने से क्षेत्र की करीब 30 हजार आबादी पानी को भी तरस रही है। 18 सितंबर को हुई तेज बारिश के दौरान क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप कर दी ई थी, मगर तीन दिन बाद भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। बिजली न मिलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रिसिया नगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति एक माह से बदहाल है। हालात यह हैं कि क्षेत्र में महज 6 से 8 घंटे ही विद्युत आपूर्ति बमुश्किल हो रही है। 18 सितंबर को हुई तेज बारिश के दौरान शाम तीन बजे विद्युत आपूर्ति ठप कर दी गई थी।
गुरुवार की शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन इसके बाद 10 बजे सप्लाई फिर बाधित हो गई। हालांकि देर रात 12 बजे आपूर्ति बहाल तो हुई, लेकिन इसके बाद आंख-मिचौली का चला खेल पूरी रात से शुक्रवार तक जारी रहा। बिजली सप्लाई गुल होने से क्षेत्र की करीब 30 हजार आबादी को पानी को भी तरस रही है।
लोगों का आरोप है कि न तो उपकेंद्र पर अवर अभियंता मौजूद रहते हैं और न ही उनका मोबाइल रिसीव किया जाता है। जबकि विद्युत व्यवस्था बाधित हो जाने के बाद क्षेत्र के एसडीओ का मोबाइल भी नहीं उठता है। विद्युत व्यवस्था बदहाल होने से लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर देंगे।
स्विच ऑफ बताता रहा एसडीओ का मोबाइल
इस मामले में जब क्षेत्र के एसडीओ हर्षराज रस्तोगी के सीयूजी नंबर 9415901548 पर बात करने की कोशिश की गई, तो कई बार फोन मिलाने के बाद भी उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताता रहा। एक्सईएन नानपारा से बात करने पर बताया गया कि बहराइच रिसिया के बीच विद्युत लाइन में खराबी आ जाने से आपूर्ति बाधित हुई थी। लाइनों की जांच कराकर शीघ्र ही आपूर्ति पूरी तरह सुधार दी जायेगी।