तराई में कड़ाके की ठंड जानलेवा साबित हो रही है। श्रावस्ती में बहराइच के एक राजस्व निरीक्षक की बुधवार रात ठंड लगने से मौत हो गई। बहराइच में खेत में काम करने के दौरान ठंड लगने से एक किसान ने दम तोड़ दिया। इस मामले में एसडीएम नानपारा ने जांच करा कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। दोनों ही मृतकों का परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।
श्रावस्ती के सोनवा क्षेत्र में ग्राम नासिरगंज निवासी नसीम हैदर (55) बहराइच की नानपारा तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थे। बुधवार को वह ड्यूटी के बाद बस से घर लौट रहे थे। बरदेहरा मोड़ से तीन किलोमीटर पैदल चलकर रात करीब आठ बजे घर पहुंचे तो सीने में दर्द होने की बात परिवारीजनों को बताई।
दर्द असहनीय होने की बात कहते हुए परिवारीजनों से तत्काल अस्पताल ले चलने को कहा। परिवारीजन वाहन का इंतजाम कर बहराइच अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे तभी नसीम हैदर ने दम तोड़ दिया। परिवारीजनों के मुताबिक बुधवार रात ड्यूटी से लौटने के दौरान ठंड लगने से नसीम हैदर की मौत हुई।
उन्होंने गुरुवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर एडीएम ओपी सिंह का कहना है कि राजस्व निरीक्षक की मौत की वजह हार्ट की बीमारी या अन्य कारण भी हो सकता है। पोस्टमार्टम होता तो मौत का कारण पता चलता। इसकी जांच कराएंगे।
बहराइच के रुपईडीहा क्षेत्र में ग्राम भगवानपुर करिंगा मजरा किंगरियनपुरवा फिरोजपुर निवासी अली हुसैन उर्फ चौधरी (48) पुत्र यासीन खेत में पंपिंग सेट लगाकर दो दिन से फसल की सिंचाई कर रहा था। बुधवार रात घर लौटने पर उसे कंपकंपी के साथ जाड़ा लगा। सीने में दर्द की बात कही तो परिवारीजनों ने अलाव जलाकर अली हुसैन को राहत पहुंचाने की कोशिश की।
इस दौरान उल्टी होने के साथ तबियत बिगड़ गई। अर्द्धबेहोशी की स्थिति देखकर परिवार के लोग अली हुसैन को जिला अस्पताल ले गए जहां इलाज शुरू होते ही उसने दम तोड़ दिया। इस पर परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर लौट गए। चिकित्सकों के मुताबिक ठंड के चलते अली हुसैन हाइपो थर्मिया की स्थिति में पहुंच गए थे।
कोल्ड डायरिया की भी स्थिति बनी जिससे मौत हुई। हालांकि परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके चलते शव उन्हें सौंप दिया गया है। उधर एसडीएम नानपारा एसपी शुक्ला का कहना है कि ठंड से मौत की सूचना नहीं मिली है। ठंड से मौत के मामले में सरकारी सहायता तभी मिलेगी जब मृतक का पोस्टमार्टम हो।