अगैया में सीएए के समर्थन में गोष्ठी को संबोधित करते वक्ता।
- फोटो : BAHRAICH
चरदा/अगैया (बहराइच)। नानपारा क्षेत्र में सांसद की अगुवाई में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें सांसद ने सीएए व एनआरसी को लेकर ग्रामीणों की भ्रांतियां दूर कीं। इस दौरान सांसद ने कहा कि हमारे देश में सभी धर्म के लोगों का सम्मान है। ऐसे में एनआरसी से किसी को बाहर नहीं किया जाएगा।
नानपारा तहसील अंतर्गत अगैया में श्री कृपाराम जनजागृति स्कूल में नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि सांसद अक्षयवर लाल गौड़ रहे। सर्वप्रथम सांसद ने विद्यालय के नव निर्मित कमरे का उद्घाटन कर पौधरोपण किया। बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सांसद का स्वागत किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि सीएए देश में किसी भी मुस्लिम के लिए घातक नहीं है।
हमारे देश में सभी धर्मों का सम्मान हमेशा होता रहा है और हमेशा रहेगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा दूर की सोचते हैं और सर्व जन हिताय की बात करते हैं, इसलिए हमें घबराने की जरूरत नहीं है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अरविंद चौधरी, पंकज जायसवाल, वरिष्ठ नेता गोवर्धन तिवारी, मंडल अध्यक्ष अजय गुप्ता आदि मौजूद रहे। उधर, सांसद की अगुवाई में बाबागंज, चरदा, जमोग, बरवलिया में भी नुक्कड़ सभा की गई, जिसमें लोगों को नागरिकता संशोधन बिल के बारे में जागरूक किया गया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी रमेश अमलानी, जिला पंचायत सदस्य संदीप जायसवाल, अमित त्रिपाठी, अजय कुमार पाठक, देवेंद्र पाठक, आनंद पाठक आदि मौजूद रहे।