श्रावस्ती (ब्यूरो)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंगहा में शनिवार रात नशे में धुत अधीक्षक ने सीएमओ को छापे के दौरान अपना इस्तीफा थमा दिया था।
इस इस्तीफे को सोमवार को सीएमओ ने अपनी संस्तुति के साथ शासन को रेफर कर दिया है। शासन ने इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। तात्कालिक कार्रवाई के रूप में अधीक्षक को पद मुक्त कर दिया।
सीएचसी भंगहा में शनिवार देर रात इलाज के लिए आई सरिता पुत्री आदित्य प्रसाद तिवारी के बुलाने के बाद भी अधीक्षक डॉ. अक्षय कुमार नहीं आए। इसकी शिकायत पीड़ित द्वारा रात में ही सीएमओ डॉ. आशीष दास से की गई।
रात में ही डीपीएम मोतीलाल, स्थानीय चौकी पुलिस के साथ पहुंचे। सीएमओ ने जब अधीक्षक के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो वह नहीं खुला।
इस पर अनहोनी की आशंका में पुलिस अधीक्षक के आवास का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस गई। वहां अधीक्षक नशे में धुत थे। उनके बिस्तर पर शराब की बोतल पड़ी थी।
इस पर जब सीएमओ ने उन्हें फटकार लगाई तो अधीक्षक ने उन्हें अपना इस्तीफा लिख कर थमा दिया। इस इस्तीफे को सीएमओ ने सोमवार को अपनी संस्तुति के साथ प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा को भेज दिया है।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. आशीष दास ने बताया कि अधीक्षक द्वारा दिए गए इस्तीफे के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट प्रमुख सचिव को भेजी गई है। इसके साथ ही अधीक्षक को उनके पद से तत्काल मुक्त भी कर दिया गया है।