बहराइच। जिले में पिछले कुछ दिनों से कार्य में लापरवाही बरतने और लंबे समय से थानों में तैनात चल रहे कई थाना प्रभारियों को बदले जाने की चर्चा चल रही थी। 20 जून के अंक में अमर उजाला ने भी प्रमुखता से जल्द बदलेंगे एसओ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। मंगलवार को एसपी कार्यालय से जारी सूची के अनुसार 10 निरीक्षकों, चार उपनिरीक्षकों सहित कुल 16 पुलिसकर्मियों की तैनाती में एसपी ने फेरबदल किया है। जिसमें से तीन थानों के प्रभारी भी बदले गए है।
एसपी वृंदा शुक्ला ने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर चर्चित मिहींपुरवा नायब तहसीलदार के चालान काटने के मामले में यातायात प्रभारी अनेंद्र यादव को अयोध्या ड्यूटी पर भेज दिया था। उनकी जगह पर अब निरीक्षक मिथलेश कुमार राय को पुलिस लाइन से यातायात प्रभारी बनाया गया है। वहीं, निरीक्षक अभिनव प्रताप सिंह को वाचक से प्रभारी निरीक्षक फखरपुर, फखरपुर प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय को पयागपुर प्रभारी बनाया गया है। वहीं, थानाध्यक्ष पयागपुर कमल शंकर को अपराध शाखा भेजा गया है। थानाध्यक्ष रानीपुर आरती वर्मा को पुलिस लाइन, उपनिरीक्षक चुनाव सेल चंद्र प्रताप को रानीपुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।