बहराइच। तराई में बृहस्पतिवार को दशहरा धूमधाम से मनाया गया। झिंगहा घाट स्थित रामलीला मैदान में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का तीर लगते ही 45 फुट के रावण का पुतला धू-धू कर जलने लगा, रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा सरयू तट गूंज उठा।
रामलीला मैदान में राम और लक्ष्मण पहुंचे। इससे पूर्व रावण ने राम से युद्ध में विजय प्राप्ति के लिए श्री सिद्धनाथ मंदिर पहुंचकर आराधना की। इसके बाद युद्ध शुरू हुआ। मेघनाद व कुंभकर्ण का वध होने के बाद रावण का भी अंत हो गया। इस मौके पर श्रीमर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, डीएम अक्षय त्रिपाठी, एसपी रामनयन सिंह, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल व भाजपा जिलाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।
रिसिया स्थित रामलीला मैदान में भी रावण के पुतले का दहन किया गया। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल यज्ञ सैनी, मनीष गुप्ता, इंद्र बहादुर सिंह, सरदार मंजीत सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि रामू लाल, महेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन राजेश निगम व थाना प्रभारी करुणाकर पांडे आदि मौजूद रहे।
चरदा के बंजरिया स्थित रामलीला मैदान में रावण वध प्रसंग का मंचन लखीमपुर से आए कलाकारों ने किया। यहां भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। पहले कुंभकरण का वध हुआ, इसके बाद रावण का वध हो गया। इस मौके पर गोपालपुर बंजरिया ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पंकज आर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष महाराज दिन वर्मा, बूथ अध्यक्ष संतोष वर्मा व दिग्विजय जायसवाल समेत हजारों लोग मौजूद रहे।
नवाबगंज क्षेत्र के मंगली नाथ शिव मंदिर परिसर में मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान रावण वध प्रसंग का मंचन किया गया। इस अवसर पर रामलीला समिति अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख जयप्रकाश सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर यादव, रिंकू सिंह, संजय पाल सिंह व हर्षित सिंह आदि मौजूद रहे।
रुपईडीहा के श्रीराम जानकी इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित मेले में 20 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस अवसर पर रामलीला को रोमांचकारी मंचन देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस मौके पर रामलीला समिति के अध्यक्ष निर्मल अग्रवाल, संरक्षक बाबा केदारनाथ अग्रवाल, मयूर अग्रवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य, प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा रमेश सिंह रावत, यशपाल व रामचंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।