बहराइच। माफी मांग लेंगे, तभी वह अयोध्या आ पाएंगे। बिना माफी मांगे, वह अयोध्या नहीं आ पाएंगे। पांच तारीख को माफी मांग लें, तब भी वह नहीं आ सकते है, क्योंकि पांच लाख से ऊपर उत्तर भारतीय वहां इक्ट्ठा हो रहे है। अभी से वहां एकत्र होने लगे है। राज ठाकरे माफी मांगें, तारीख बदलें, तब वो अयोध्या आ सकते है।
कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को ये बातें कही। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हरीश चंद्र गुप्ता के छोटे भाई देवी प्रसाद गुप्ता इन दिनों अस्पताल में भर्ती है। शनिवार को कैसरगंज सांसद बृजभूषण सिंह उनका हालचाल लेने जिला अस्पताल पहुंचे।
मीडिया से रूबरू होते हुए सांसद ने कहा कि पांच तारीख को पांच लाख से अधिक उत्तर भारतीय लोग अयोध्या में एकत्र हो रहे हैं। अब राज ठाकरे माफी भी मांग लें तो पांच जून को अयोध्या नहीं आ पाएंगे। उन्हें तारीख बदलनी होगी। मौके पर पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। (संवाद)