बहराइच। बारिश के इंतजार में आषाढ़ और अब आधा सावन बीतने को है। काले बादल छाते तो हैं लेकिन कभी बूंदाबांदी तो कभी बिन बरसे ही हवा के साथ उड़ जा रहे हैं।
सोमवार को तेज धूप के बीच अचानक मौसम बदल गया। 20 मिनट के लिए बौछारें पड़ीं तो लेग खुश हो गए लेकिन इसके बाद बढ़ी उमस ने लोगों को परेशान कर दिया।
तेज धूप के बीच सोमवार की सुबह हुई। उमस और गर्मी से लोग पसीना-पसीना थे कि करीब 10 बजे सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी शुरू हो गई।
तीन घंटे लुकाछिपी के बाद दोपहर 1:30 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। लगभग 20 मिनट तक बौछारें पड़ीं। इसके बाद बारिश थम गई और धूप निकल आई।
हालांकि, आधे घंटे बाद फिर आसमान में बादल आ गए लेकिन उमस से राहत नहीं मिली। चिपचिपाहट भरी गर्मी ने लोगों के खूब पसीने छुड़ाए।
फसल अनुसंधान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह का कहना है कि आगाम तीन दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार चढ़ाव का दौर चलेगा। 14 व 15 अगस्त को तेज वर्षा हो सकती है।