बहराइच। तराई में दिनभर चली बादलों की लुकाछिपी के बाद शाम को अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा से अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ देर में बारिश भी शुरू हो गई। बारिश व तेज हवा से शहर में होने वाली रामलीला को टाल दिया गया। अचानक हुई बारिश से किसान चिंतित हैं, वहीं सर्द हवा से तराई में ठंडक ने दस्तक दे दी है।
जिले में सोमवार शाम लगभग छह बजे अचानक धूल भरी आंधी आई और कुछ देर बाद ही बारिश शुरू हो गई। जिससे दुर्गा पूजन पंडालों में अफरातफरी मच गई। पूजन पंडालों के लोगों ने विभिन्न पूजन सामग्रियों को पंडाल के अंदर किया और तिरपाल आदि तान कर बारिश से बचाव किया। बारिश व तेज हवा ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को भी अपने कब्जे में लिया।
धान व गन्ने की फसल गिरने से नुकसान
ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ आई बारिश से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीर खींच दी। किसान खेतों में लगी धान व गन्ने की फसल के गिरने व नुकसान होने को चिंतित दिखे। किसान तिलकराम, सहजराम, दिनेश यादव, पिंटू तिवारी, राकेश गौतम आदि ने बताया कि पूर्व में ही धान की कुछ फसल गिर गई थी। ऐसे में अब आई आंधी व बारिश से नुकसान और बढ़ जाएगा।
जिले के मटेरा, मिहींपुरवा आदि क्षेत्रों के किसान जिनकी धान की फसल तैयार है और मड़ाई कर रहे थे, उनकी चिंता दोगुनी हो गई। बारिश के चलते शहर की रामलीला को टाल दिया गया। रामलीला का मंचन अब मंगलवार से शुरू किया जाएगा।