रिसिया के नर्सिंगडीहा बाजार में बारिश के बाद भरा पानी।
बहराइच। देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और गर्मी-उमस से लोगों को राहत मिली। जिले में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश से किसानों को सबसे अधिक राहत मिली है। पर्याप्त बारिश न होने से सूखती धान की फसल को संजीवनी मिली, जिससे सिंचाई का खर्च बचेगा। किसान सुरेश यादव ने बताया कि खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। मौसम विशेषज्ञ पीएल त्रिपाठी ने आगामी 24 घंटे में गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत दिए हैं। उन्होंने किसानों को मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। हालांकि, बारिश के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव भी हुआ। रिसिया के नरसिंगडीहा बाजार मार्ग पर जलभराव से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने नालियों की नियमित सफाई न होने को इसका कारण बताया।