बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत शिवबंश पुरवा गांव में शनिवार रात तेंदुए ने अहाते में बंधे बकरे को मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव निवासी जयनारायन ने बताया कि रात में वह घर में सो रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ अहाते में घुस आया और वहां बंधे बकरे पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जागे और मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ बकरे को मार चुका था। शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भाग निकला। सूचना पर निशानगाड़ा रेंज की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी। वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार ने बताया कि नियमानुसार पीड़ित को मुआवजा दिलाया जाएगा।