लखनऊ-गोरखपुर प्रखंड पर बाराबंकी में हुए ट्रेन हादसे के चलते जरवलरोड रेलवे स्टेशन पर लखनऊ पैसेंजर ट्रेन रोक दी गई। इसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतें हुईं। लखनऊ और बाराबंकी जाने के लिए यात्रियों ने बस और डग्गामार वाहनों को दोगुना किराया अदा किया, फिर भी वाहनों की छत पर सवार होकर जाने को मजबूर हुए। दोपहर बाद प्रखंड पर आवागमन शुरू हुआ, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
लखनऊ-गोरखपुर प्रखंड पर बिंदौरा और बुढ़वल रेलवे स्टेशन के बीच अप लाइन पर किलोमीटर संख्या 727/01 के निकट स्थित रेल क्रॉसिंग पर गुरुवार सुबह अवध अासाम एक्सप्रेस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। इसके चलते अप और डाउन रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित विद्युत सप्लाई के खंभे उखड़ गए। दोनों ट्रैक पर आवागमन बाधित हो गया। सुबह 10:30 बजे के आसपास गोंडा से चलकर लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी जरवलरोड रेलवे स्टेशन पहुंची लेकिन दुर्घटना के कारण वह आगे रवाना नहीं की गई। इसके चलते ट्रेन में सवार यात्रियों के साथ ही स्टेशन पर पहले से मौजूद यात्री परेशान हो उठे। स्टेशन अधीक्षक कक्ष में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल रहा।
काफी देर तक आवागमन बहाल न होने पर लोग गंतव्य को रवाना होने के लिए वाहनों की तलाश में निकल पड़े। इससे बहराइच-लखनऊ मार्ग पर जरवलरोड तिराहे पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। बहराइच और गोंडा की ओर से आने वाली बसों की छतों पर सवार होकर लोग रवाना हुए। छोटे वाहन और ट्रकों का भी यात्रियों ने सहारा लिया। इस मजबूरी का फायदा उठाते हुए वाहन चालकों ने दोगुना किराया वसूला। दोपहर तक यही स्थिति बनी रही। जरवलरोड रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक आरपी आर्या का कहना है कि दोपहर एक बजे के आसपास रेलवे ट्रैक पर आवागमन बहाल कर दिया गया।