शहर व नानपारा स्थित मेडिकल स्टोरों पर प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को दवाओं व अभिलेखों की पड़ताल की है। इससे दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
एसडीएम सदर बच्चेलाल, नगर मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह ने डिप्टी सीएमओ डॉ. अनिल के साथ गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल के सामने स्थित पांच मेडिकल स्टोरों पर छानबीन की। दवाओं की गुणवत्ता, फार्मेसिस्ट की अनिवार्यता, लाइसेंस आदि की जांच की गई।
उधर, नानपारा में फूड एवं ड्रग विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। टीम ने गोयल मेडिकल स्टोर, जनप्रिया मेडिकल स्टोर, रहमत मेडिकल स्टोर, हिंद मेडिकल स्टोर के स्टॉक रजिस्टर, दवाओं की गुणवत्ता आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान किसी भी मेडिकल स्टोर पर फूड लाइसेंस नहीं मिला।
स्टोर संचालकों को 15 दिन में लाइसेंस बनवाने के लिए नोटिस दिया गया है। जांच के दौरान प्रधान मेडिकल स्टोर का संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया। छानबीन में मुख्य खाद्य अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा, खाद्य निरीक्षक आनंद स्वरुप वर्मा, राजेंद्र पांडेय, वागीश मणि त्रिपाठी, नानपारा सीएचसी के प्रभारी डॉ आरके प्रसाद मेजर आदि शामिल थे।